JSSC भर्ती अपडेट: 836 लिपिक पदों की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द, सरकार ने अधियाचना वापस लेने का दिया आदेश

Meenu | July 31, 2026 | 02:34 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से चार विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में प्रस्तावित 836 लिपिक (क्लर्क) पदों की नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए आयोग को भेजी गई अधियाचनाएं वापस लेने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही इन पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया फिलहाल स्थगित हो गई है।

यह भी पढ़ें : JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन पर सवाल टाल गए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, बोले- ‘खेल की जगह खेल की बात होनी चाहिए’

किन विभागों की भर्ती प्रभावित हुई?

सरकार के आदेश के अनुसार निम्नलिखित विभागों की अधियाचनाएं वापस ली गई हैं नगर विकास एवं आवास विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग। इन विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में लिपिक के कुल 836 पदों पर नियुक्ति के लिए JSSC को अधियाचना भेजी गई थी। कार्मिक विभाग ने सबसे पहले संबंधित चारों विभागों को अपनी-अपनी अधियाचना वापस लेने का निर्देश दिया था। विभागों की सहमति मिलने के बाद JSSC को औपचारिक रूप से अधियाचना वापस लेने और भर्ती प्रक्रिया रोकने का आदेश जारी किया गया।

2023 और 2024 में जारी हुआ था विज्ञापन

JSSC ने इन पदों के लिए पहली बार वर्ष 2023 और फिर 2024 में विज्ञापन जारी किया था। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन भी किए थे। आयोग प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी बीच सरकार ने अधियाचना वापस लेने का फैसला ले लिया।

नई नियमावली के तहत होगी भर्ती

सरकार के अनुसार, हाल ही में कैबिनेट द्वारा स्वीकृत नई लिपिकीय नियुक्ति नियमावली के अनुरूप आगे की भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, भविष्य में केवल इन चार विभागों ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों के लिपिक पदों को भी जोड़कर समेकित अधियाचना JSSC को भेजी जा सकती है। इससे कुल रिक्तियों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, नई अधियाचना कब भेजी जाएगी, भर्ती प्रक्रिया कब शुरू होगी, परीक्षा की तिथि क्या होगी और परिणाम कब जारी होंगे, इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Share this news

संबंधित खबरें