Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्यभर में 29 जुलाई तक इन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी रहेगी। अब तक 2,64,63,236 मतदाताओं में से 2,64,36,310 मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं, लेकिन 35,38,762 फॉर्म अभी भी वापस नहीं लौटे हैं।
यह भी पढ़ें : 14वीं JPSC परीक्षा मामला: व्हाट्सएप पर शेयर हुई आंसर-की, CID जांच में गोपनीयता पर गंभीर सवाल
5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, मतदाताओं द्वारा भरे और हस्ताक्षरित 2,15,91,889 इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इन सभी मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। वहीं, राज्यभर में कुल 2,51,30,651 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है।
SIR में लाखों मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अब तक 7,10,090 मृत मतदाताओं, 10,43,441 ऐसे मतदाताओं की पहचान हुई है जिनका पता नहीं चल सका या जो अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा 13,82,101 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता, 3,68,425 ऐसे मतदाता जिनका नाम पहले से अन्य स्थानों पर दर्ज है, तथा 34,705 मतदाता ऐसे मिले जिन्होंने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया। निर्वाचन आयोग इन सभी आंकड़ों का सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया में जुटा है।
रांची में 99.95 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचे फॉर्म
रांची जिले में SIR अभियान मिशन मोड में चलाया जा रहा है। 25 जुलाई रात 8 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 26,74,681 मतदाताओं में से 26,73,250 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंच चुके हैं, जो 99.95 प्रतिशत है। इनमें से 23,18,639 फॉर्म (86.69 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 18,59,840 फॉर्म (80.21 प्रतिशत) का बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन भी किया जा चुका है। इसके अलावा 32,097 मतदाताओं ने अपना फॉर्म ऑनलाइन जमा किया है।

डिजिटाइजेशन में रांची विधानसभा सबसे आगे
विधानसभा क्षेत्रों की प्रगति में रांची विधानसभा डिजिटाइजेशन के मामले में सबसे आगे है, जहां 92.49 प्रतिशत फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं तमाड़, सिल्ली और मांडर विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ सत्यापन 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदाताओं की संख्या अधिक होने के बावजूद कार्य तेजी से चल रहा है। फॉर्म वितरण के मामले में भी सभी सात विधानसभा क्षेत्रों ने लगभग लक्ष्य हासिल कर लिया है। तमाड़ और सिल्ली में 99.99 प्रतिशत, खिजरी और रांची में 99.98 प्रतिशत, हटिया में 99.92 प्रतिशत, कांके में 99.91 प्रतिशत और मांडर में 99.90 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं।
उपायुक्त ने जल्द फॉर्म जमा करने की अपील
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शेष मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपें या ऑनलाइन माध्यम से जमा करें। उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को निर्देश दिया है कि वितरण, डिजिटाइजेशन और सत्यापन का शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Reporter | Samachar Post

