मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

राज्यसभा चुनाव से पहले झारखंड में सियासी हलचल तेज, NDA विधायक रेडिसन ब्लू में ठहरे, INDIA गठबंधन की आज अहम बैठक

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में होने के कारण मुकाबला दिलचस्प हो गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और मतदान की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, एनडीए विधायकों के लिए होटल में 30 से अधिक कमरे आरक्षित किए गए हैं। भाजपा और सहयोगी दलों के विधायक लगातार होटल पहुंच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, यहां विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वोटिंग के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि न हो। मतदान के दिन सभी विधायक सीधे विधानसभा पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

परिमल नाथवानी की एंट्री से मुकाबला हुआ रोचक

राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी ने राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। भाजपा के पास 24 विधायक हैं, जबकि जीत सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त मतों की आवश्यकता बताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। कांग्रेस इस चुनावी गणित को लेकर सवाल उठा रही है, जबकि भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

INDIA गठबंधन भी सक्रिय, सीएम आवास में जुटेंगे विधायक

दूसरी ओर INDIA गठबंधन ने भी अपने विधायकों को एकजुट रखने की तैयारी तेज कर दी है। 16 और 17 जून को गठबंधन के विधायक और वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री आवास में बैठक करेंगे। आज सीएम के आवास पर झामुमो की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। बैठक के दौरान विधायकों को मॉक पोल के जरिए मतदान प्रक्रिया का अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि वोटिंग के दौरान कोई गलती न हो। मतदान के दिन गठबंधन के विधायक पहले मुख्यमंत्री आवास में जुटेंगे और वहां से सामूहिक रूप से विधानसभा पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें: सरायकेला में अवैध कोयला परिवहन पर कार्रवाई, चार वाहन जब्त

दो सीटों पर तीन उम्मीदवार, दूसरे स्थान पर कांटे की टक्कर

इस बार राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। INDIA गठबंधन की ओर से बैजनाथ राम और प्रणव झा उम्मीदवार हैं, जबकि एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार बैजनाथ राम की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट के लिए प्रणव झा और परिमल नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। इसी कारण राज्यसभा चुनाव से पहले झारखंड की राजनीति में हलचल लगातार बढ़ती जा रही है।

https://samacharpost.live/2026/06/saraikela-kharsawan-illegal-coal-transport-four-vehicles-seized-at-padmupur-toll-plaza/
Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment