Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी वर्षा, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
23 जुलाई को कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

24 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
24 जुलाई को भी राज्य में मानसून सक्रिय बना रहेगा। मौसम विभाग ने देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें : हजारीबाग में पुलिस-राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। लगातार बदलते मौसम और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी सतर्क है। संभावित जलभराव, वज्रपात और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

