मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड में वज्रपात का कहर: 18 लोगों की मौत, 8 अगस्त तक भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

--Advertisment--

रांची: झारखंड में मानसून की बारिश जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दे रही है, वहीं आकाशीय बिजली ने राज्यभर में भारी तबाही मचा दी है। मंगलवार को कई जिलों में हुई बारिश के दौरान वज्रपात की घटनाओं में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। अधिकांश हादसे खेतों में धान रोपाई और अन्य कृषि कार्य के दौरान हुए।

अलग-अलग जिलों में गई कई लोगों की जान

वज्रपात की चपेट में आने से पलामू जिले के मोहम्मदगंज क्षेत्र में पुष्पा देवी (38) की मौत हो गई। गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र स्थित सोनपुरवा गांव में कदरून खातून (45) ने दम तोड़ दिया। लातेहार के जालिम गांव में शिवनाथ उरांव, चंदवा के सुरली गांव में उपेंद्र उरांव (18), दुमका के रामगढ़ क्षेत्र में आलतामुनी मरांडी (20), बाबूलाल हेंब्रम (30) और रोहित कुंअर (35) की भी मौत हो गई। चतरा जिले के लावालौंग क्षेत्र में संजय भुईयां (30) की जान चली गई। वहीं गिरिडीह जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार किशोरों समेत 10 लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

कई जिलों में हुई झमाझम बारिश

मंगलवार दोपहर बाद राज्य के कई हिस्सों में दो से तीन घंटे तक अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार लोहरदगा में 46 मिमी, रांची में 35 मिमी और कांके में 76 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मेदिनीनगर में 10 मिमी, बोकारो में 12 मिमी, खूंटी में 5 मिमी और सिमडेगा में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन वज्रपात की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है।

8 अगस्त तक जारी रहेगा अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 अगस्त तक झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। 5 अगस्त को गढ़वा, पलामू, लातेहार, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 6 और 7 अगस्त को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गुमला, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें : गुमला का जर्जर सरकारी स्कूल बना चिंता का कारण, जान जोखिम में डालकर पढ़ रहे बच्चे

मौसम विभाग की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि वज्रपात से होने वाले हादसों को रोका जा सके।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment