झारखंड: पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 15वीं बैठक कल, गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से मांगी अहम रिपोर्ट

Meenu | July 6, 2026 | 01:21 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड सरकार ने 7 जुलाई को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की स्थायी समिति की 15वीं बैठक की तैयारियां पूरी कर ली हैं। बैठक को लेकर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस मुख्यालय से राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर परिषद की बैठक से संबंधित सभी आवश्यक एजेंडा बिंदुओं और अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें :चाईबासा का कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी मोहम्मद नफीस ओडिशा में पुलिस मुठभेड़ में घायल

अंतर्राज्यीय और केंद्र-राज्य समन्वय रहेगा बैठक का मुख्य विषय

जानकारी के अनुसार, यह बैठक भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन अंतर्राज्यीय परिषद सचिवालय की ओर से आयोजित की जा रही है। बैठक में ऐसे विषयों पर चर्चा होगी, जिनका संबंध झारखंड सहित पूर्वी राज्यों के बीच समन्वय, अंतर्राज्यीय मामलों और केंद्र-राज्य संबंधों से है। इन मुद्दों पर परिषद स्तर पर आवश्यक निर्णय और सुझाव दिए जाएंगे।

गृह विभाग ने इन प्रमुख बिंदुओं पर मांगी जानकारी

गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से परिषद की बैठक के लिए प्रस्तावित एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें प्रत्येक विषय की पृष्ठभूमि, उसके अंतर्राज्यीय और केंद्र-राज्य आयाम तथा उससे जुड़े प्रभावों का स्पष्ट विवरण देने को कहा गया है। इसके अलावा संबंधित विषयों के समाधान के लिए राज्य सरकार, अन्य राज्यों और केंद्र सरकार के मंत्रालयों या विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई तथा उसकी वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी गई है।

लंबित मामलों और नवाचारों का भी देना होगा ब्योरा

विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि पूर्वी क्षेत्रीय परिषद या उसकी स्थायी समिति के हस्तक्षेप की आवश्यकता वाले मुद्दों को स्पष्ट रूप से चिन्हित किया जाए। साथ ही परिषद की पिछली बैठकों में लंबित एजेंडा बिंदुओं पर अब तक हुई कार्रवाई का अद्यतन प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराया जाए। इसके अतिरिक्त विभाग से अधिकतम तीन उत्कृष्ट या नवाचारी कार्यप्रणालियों का संक्षिप्त विवरण और उनका पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) भी मांगा गया है, ताकि बैठक में उन्हें प्रस्तुत किया जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें