झारखंड में फिर बढ़ेगी ठंड, रांची मौसम केंद्र ने जारी किया अलर्ट

Rupa Kumari | November 25, 2025 | 10:33 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में ठंड एक बार फिर तेजी से बढ़ने वाली है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार से राज्य में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान जहां 24 घंटे पहले 15-16 डिग्री था, वहीं आज यह 10 से 11 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

किन जिलों में ज्यादा बढ़ेगी सर्दी?

पलामू, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में आज कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह तेज शीतलहर, दोपहर में सर्द हवाएं और शाम को घना कोहरा लोगों को हिमालयी ठंड का अनुभव करा सकता है।

यह भी पढ़ें: बिहार में बढ़ी ठंड की मार, कई जिलों में घना कोहरा- विजिबिलिटी 100 मीटर तक

राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान व AQI

मंगलवार के तापमान और AQI के आंकड़े बताते हैं कि तापमान गिरने के साथ वायु गुणवत्ता भी खराब हो रही है।

शहरअधिकतमन्यूनतमAQI
रांची24°C11°C257
जमशेदपुर28°C13°C276 (सबसे प्रदूषित)
धनबाद27°C12°C220
बोकारो26°C12°C190
पलामू27°C10°C180

कई शहरों में AQI खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है, जिससे प्रदूषण जनस्वास्थ्य के लिए बड़ी चिंता बन गया है।

दोपहर में भी नहीं मिलेगी गर्मी

राज्य के अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 11–12 डिग्री के बीच रह सकता है। अधिकतम तापमान गिरकर 25–26 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे दोपहर में भी ठंड का असर बना रहेगा।

अब लगातार गिरेगा तापमान

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट होगी। बीते 4-5 दिनों की हल्की गर्माहट के बाद फिर से ठंड बढ़ेगी। हिमालय क्षेत्र में जारी भारी बर्फबारी और ला नीना का असर झारखंड में तेज ठंडी हवाओं के रूप में महसूस किया जा रहा है

Share this news

संबंधित खबरें