Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन शुक्रवार को महत्वपूर्ण रहने वाला है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज सदन में तृतीय अनुपूरक बजट पेश करेंगे। इसके साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के बाद सरकार की ओर से जवाब भी दिया जाएगा। सत्र को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज है।
जेपीएससी अभ्यर्थियों के लिए राहत के संकेत
गुरुवार को सत्र के दौरान संसदीय कार्य मंत्री ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर अहम संकेत दिए। उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि अधिकतम आयु सीमा में छूट देने पर सरकार विचार कर सकती है। इस बयान के बाद अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।
विपक्ष का सरकार पर हमला
इधर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस की बात के बावजूद एसीबी हाई प्रोफाइल मामलों में अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई है। उन्होंने डीजीपी नियुक्ति का मुद्दा उठाते हुए अनुराग गुप्ता और तदाशा मिश्रा की नियुक्ति को नियमों के विरुद्ध बताया और कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया पहले ही यूपीएससी को पैनल भेजने का निर्देश दे चुका है। इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जवाब देते हुए कहा कि डीजीपी नियुक्ति से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, इसलिए सदन में इस पर चर्चा करना उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में मौसम का डबल मिजाज: सुबह ठंड-कोहरा, दोपहर में तेज धूप
सत्ता-विपक्ष में तीखी बहस
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। सत्ता पक्ष ने अभिभाषण के लिए आभार जताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने वंदे मातरम को अनिवार्य करने और मनरेगा का नाम बदलने जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र पर अनावश्यक हस्तक्षेप का आरोप लगाया।

आज फिर गरम रह सकता है सदन
तीसरे दिन अनुपूरक बजट पेश होने और राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार के जवाब के कारण सदन में एक बार फिर जोरदार बहस की संभावना जताई जा रही है।



















