झारखंड: सरकारी स्कूलों को मिलेंगे 1,042 नए सहायक आचार्य, कल खेलगांव में सीएम हेमंत सोरेन सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून 2026 को 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम रांची के खेलगांव में आयोजित किया जाएगा।

पहली से आठवीं कक्षा तक मिलेंगे नए शिक्षक, 26,000 शिक्षकों की भर्ती का लक्ष्य

इस नियुक्ति प्रक्रिया के तहत कुल 1,042 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिसमें 274 सहायक आचार्य पहली से पांचवीं कक्षा के लिए और 768 सहायक आचार्य छठी से आठवीं कक्षा के लिए है। शिक्षा विभाग के अनुसार इन नियुक्तियों से कई ऐसे स्कूलों को शिक्षक मिलेंगे जहां लंबे समय से पद खाली थे। राज्य सरकार ने प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में कुल 26,000 सहायक आचार्यों की भर्ती का लक्ष्य रखा है। अब तक लगभग 12,500 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति पूरी हो चुकी है। शेष पदों पर चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें : पूर्वी सिंहभूम: पोटका में ब्रेन मलेरिया से 3 स्कूली बच्चों की मौत, एमजीएम अस्पताल में 20 मरीज भर्ती

कई जिलों में हुई है विषयवार नियुक्ति

इस चरण में विभिन्न विषयों के शिक्षक भी शामिल हैं, जिनमें भाषा विषय के 150 शिक्षक, गणित एवं विज्ञान के 251 शिक्षक और सामाजिक विज्ञान के 387 शिक्षक हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे सरकारी स्कूलों में विषयवार शिक्षण व्यवस्था बेहतर होगी।

खाली पदों को भरने की प्रक्रिया जारी

शिक्षा विभाग के अनुसार यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी ताकि सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरी तरह दूर किया जा सके। कई स्कूलों में अभी भी एक या दो शिक्षकों के भरोसे पढ़ाई चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन नियुक्तियों से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

संबंधित खबरें