जामताड़ा में मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी, दीवार काटकर 15 लाख के स्मार्टफोन ले उड़े चोर

Rupa Kumari | May 18, 2026 | 12:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जिले के सुभाष चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर अपराधी करीब 15 लाख रुपये के महंगे स्मार्टफोन चोरी कर ले गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने ‘मोबाइल सेवा’ नामक दुकान को निशाना बनाया। अपराधियों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और बड़ी संख्या में कीमती मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग उठाई

सुबह दुकान खुलते ही उड़े होश

दुकान संचालक आलोक जैन रोज की तरह रविवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और काउंटर व रैक में रखे महंगे मोबाइल गायब थे। पीछे जाकर देखने पर पता चला कि चोरों ने बड़ी चालाकी से दीवार काटकर दुकान में प्रवेश किया था। दुकानदार के मुताबिक, चोर विभिन्न नामी कंपनियों के 45 से अधिक महंगे और प्रीमियम स्मार्टफोन चोरी कर ले गए। चोरी हुए मोबाइल की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि एक महीने पहले भी सुभाष चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी हुई थी, जहां से लाखों रुपये के जेवरात चोरी हुए थे।

जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें