Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में हुई डकैती के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की टीमें बिहार और पश्चिम बंगाल में संदिग्धों के घरों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस मामले में पांच संदिग्धों की पहचान की गई है। उनकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वालों के लिए कुल 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। 24 सितंबर को हुई इस डकैती में अपराधी बैंक से करीब 43 लाख रुपये नकद और लगभग 23 किलो सोना लूटकर फरार हो गए थे। घटना की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बिहार और बंगाल के संदिग्धों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, मामले में बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े पांच संदिग्धों की पहचान की गई है। इनमें समस्तीपुर के प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पटना के अक्षय कुमार उर्फ साका, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह और चंपारण के ऋतिक कुमार के नाम सामने आए हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। समस्तीपुर में प्रियदर्शी के घर पहुंची पुलिस को उसकी मां मिलीं। उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी के दौरान भी संदिग्ध नहीं मिले।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच, सूचना देने वाले को दो लाख
पुलिस आरोपियों के संपर्कों, आवाजाही के रास्तों और संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नेपाल से जुड़े संभावित अपराधियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने प्रत्येक आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। पांच आरोपियों के लिए कुल इनाम की राशि 10 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि संदिग्धों के बारे में जानकारी एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी के सरकारी नंबरों पर दी जा सकती है। पुलिस को उम्मीद है कि आम लोगों से मिलने वाली सूचनाओं से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद मिलेगी।





















