Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चापड़ की नोंक पर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो चापड़ बरामद किए हैं।
सुनसान जगह पर युवक से की थी लूटपाट
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे बर्मामाइंस निवासी राजेश कुमार जायसवाल बाजार जा रहे थे। रास्ते में एक सुनसान स्थान पर वे शौचालय के लिए रुके थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और चापड़ दिखाकर उन्हें धमकाया। इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल फोन और पर्स लूटकर फरार हो गए।

भागने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई स्कूटी
लूट की वारदात के बाद आरोपी तेज रफ्तार में स्कूटी से भाग रहे थे। इसी दौरान बर्मामाइंस बाजार के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। घबराहट में दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी स्कूटी, दो चापड़ और लूटा गया मोबाइल घटनास्थल पर ही छूट गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सामान जब्त कर लिया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गोलमुरी लोहार लाइन निवासी निहाल खत्री को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए 700 रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
यह भी पढ़ें: सरायकेला में भीषण सड़क हादसा: हाइवा और ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, दो चालकों की मौत
नाबालिग पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निरुद्ध नाबालिग पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ गोलमुरी थाना में वर्ष 2025 और 2026 के दौरान तीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

