- अदाणी का शताब्दी समारोह में आगमन
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : उद्योगपति गौतम अदाणी मंगलवार को IIT-ISM धनबाद के शताब्दी वर्ष समारोह में शामिल होंगे। वे दुर्गापुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा बरवाड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे आईआईटी-आईएसएम परिसर में जाएंगे। अदाणी दोपहर 2 बजे तक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और मुख्य समारोह में ‘फाउंडेशन डे ऐड्रेस’ देंगे।
कैंपस में विशेष सजावट और तैयारी
संस्थान के कैंपस को इस अवसर के लिए पूरी तरह सजाया गया है। लाइटिंग, फ्लैक्स और होर्डिंग के माध्यम से शताब्दी समारोह को भव्य रूप दिया गया है। समारोह में अदाणी के साथ कई अन्य गणमान्य अतिथि भी शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: आज विधानसभा में बजट और कानून-व्यवस्था पर होगी तीखी बहस
संस्थान की 100 साल की उपलब्धियां
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की स्थापना 9 दिसंबर 1926 को हुई थी। शुरू में खनन और भू-विज्ञान में विशेषज्ञ तैयार करने के लिए इसे स्थापित किया गया था। अब यह खनिज, ऊर्जा, कंप्यूटर साइंस, सिविल, मैकेनिकल और आधुनिक इंजीनियरिंग के कई क्षेत्रों में शिक्षा और अनुसंधान प्रदान करता है। 2016 में इसे आधिकारिक रूप से आईआईटी का दर्जा मिला।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय योगदान
संस्थान ने खनिज अन्वेषण, क्लीन कोल तकनीक, खनन सुरक्षा, ऊर्जा संक्रमण और डिजिटल माइनिंग में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके पूर्व छात्र दुनिया की प्रमुख कंपनियों और टेक्नोलॉजी संस्थानों में नेतृत्व की भूमिकाएं निभा रहे हैं।
मिशन 2026 पहल
शताब्दी वर्ष के मौके पर शुरू की गई ‘मिशन 2026’ पहल का उद्देश्य IIT-ISM को ग्लोबल टेक और ऊर्जा हब के रूप में स्थापित करना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

