Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत शहरबेरा आदिवासी बहुल गांव में मंगलवार सुबह वज्रपात ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, 50 से अधिक ग्रामीणों को करंट का हल्का झटका महसूस हुआ। मृतक युवक की पहचान प्रदीप पावरिया के रूप में हुई है, जो कुछ दिन पहले ही बेंगलुरु से काम कर अपने घर लौटा था।
यह भी पढ़ें : रांची नगर निगम के खिलाफ फुटपाथ दुकानदारों का प्रदर्शन, काला झंडा लेकर किया घेराव
एस्बेस्टस की छत को चीरकर घर में गिरी बिजली
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान प्रदीप पावरिया और उनकी मौसी बहा मुनी पावरिया अपने एस्बेस्टस की छत वाले घर में बैठे थे। अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली एस्बेस्टस की छत को चीरते हुए सीधे घर के अंदर जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। इसी दौरान पास के एक अन्य घर पर भी वज्रपात का असर हुआ, जिसमें बैद्यनाथ बास्की की पत्नी सरस्वती मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

खराब सड़क के कारण खटिया पर पहुंचाए गए घायल
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, गांव की खराब सड़क के कारण एंबुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए तीनों घायलों को खटिया पर लादकर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के माध्यम से सभी को जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रदीप पावरिया, पिता सुधीर पावरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बहा मुनी पावरिया और सरस्वती मरांडी का इलाज जारी है। बिजली गिरने का असर पूरे गांव में देखने को मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, 50 से अधिक लोगों को करंट का हल्का झटका लगा। वहीं, दो घरों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कई घरों की बिजली वायरिंग जल गई और पंखे, लाइट समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मुखिया ने अस्पताल पहुंचकर ली घायलों की जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोपालपुर पंचायत के मुखिया सरोज हेम्ब्रम सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। मुखिया ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार 10 से 12 लोगों के प्रभावित होने की सूचना थी, लेकिन प्रभावित लोगों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

