पैर टूटने के इलाज का 22 लाख रुपये बिल, राज अस्पताल मामले में मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

Rupa Kumari | July 4, 2026 | 12:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के मेन रोड स्थित एक निजी अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल युवक के इलाज, मौत और 22 लाख रुपये के कथित मेडिकल बिल को लेकर उठे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायतों के आधार पर रांची के उपायुक्त से पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने तथा दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, लातेहार निवासी 18 वर्षीय राजू कुमार रंजन सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसमें उसके पैर में गंभीर चोट आई थी। उपचार के लिए उसे रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उसके पैर में संक्रमण फैल गया और बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार का दावा है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर करीब 22 लाख रुपये का बिल बनाया, जिससे परिवार स्तब्ध रह गया। युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया।

लापरवाही के आरोप

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण युवक की स्थिति बिगड़ती चली गई। हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की निष्पक्ष जांच और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए युवक के शव का पोस्टमार्टम रिम्स में कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों पर अधिक स्पष्टता मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: धनबाद में ई-रिक्शा चालकों की नई परेशानी, ब्लूटूथ आधारित बैटरियों से छेड़छाड़ की शिकायत

जांच के बाद होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन अब मामले के सभी पहलुओं की जांच करेगा, जिसमें इलाज की प्रक्रिया, अस्पताल द्वारा जारी बिल, चिकित्सकीय रिकॉर्ड और परिजनों के आरोप शामिल हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला निजी अस्पतालों में इलाज की लागत, चिकित्सा पारदर्शिता और मरीजों के अधिकारों को लेकर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

Share this news

संबंधित खबरें