Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को स्कूली बच्चों से भरी एक वैन हादसे का शिकार हो गई। बड़कागांव थाना क्षेत्र के महुगाईखुर्द स्थित मरदु सोती रोड पर सरगम इंटरनेशनल स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वैन में सवार कई स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
यह भी पढ़ें :PM मोदी आज जमशेदपुर की इंजीनियर तनीषा गौतम और उनकी टीम से करेंगे संवाद
चालक पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल वैन का चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। लोगों का कहना है कि सड़क सीधी होने के बावजूद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वैन पलट गई। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ भारी नाराजगी देखी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाल की बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी काफी नरम थी। इसी वजह से वाहन पलटने के बावजूद झटका कम लगा और बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सड़क किनारे जमीन सख्त होती, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद निजी स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की नियमित जांच को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

