गोड्डा में आंगनबाड़ी चुनाव की रंजिश में गोलीबारी, चाचा पर भतीजे को 3 गोलियां मारने का आरोप

Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा : गोड्डा जिले के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र में देर रात आपसी रंजिश को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। अमलो फूटानी हटिया के पास दुकान बंद कर घर लौट रहे अनिल मंडल (48) को कथित तौर पर तीन गोलियां मारी गईं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में अनिल मंडल को गोड्डा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें : NEET की तैयारी के बीच मानसिक परेशानी से जूझ रही थी दुमका की विनीता, किराए के घर में मौत

तीन गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल

परिजनों के मुताबिक, अनिल मंडल के शरीर में तीन गोलियां लगी हैं। इनमें एक गोली बांह, दूसरी कंधे के नीचे हाथ के हिस्से और तीसरी पेट में लगी है। घायल के बेटे आकाश मंडल ने आरोप लगाया कि उनके पिता दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टुनटुन मंडल के घर के पास संतोष मंडल ने उन पर गोली चला दी।

जमीन विवाद के साथ आंगनबाड़ी चुनाव की रंजिश

परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले हुए आंगनबाड़ी सेविका चुनाव के बाद रंजिश और बढ़ गई। बताया गया कि आरोपी संतोष मंडल की पत्नी उम्र कम होने के कारण आंगनबाड़ी सेविका के चुनाव के लिए पात्र नहीं थीं। वहीं, घायल अनिल मंडल की बहू चुनाव के बाद सेविका बनी थीं। परिजनों का दावा है कि इसी मुद्दे को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। गोली चलाने का आरोप जिस संतोष मंडल पर लगाया गया है, वह घायल अनिल मंडल का चाचा बताया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मोतिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस गोलीबारी के कारण, आरोपी की भूमिका और पूरे विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद के साथ आंगनबाड़ी चुनाव को लेकर रंजिश की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले आंगनबाड़ी सेविका का चुनाव हुआ था और इसी विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

संबंधित खबरें