गिरिडीह में बेखौफ अपराधी: फायरिंग कर ज्वेलरी दुकानदार से लाखों के गहने लूटे

Meenu | March 30, 2026 | 01:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। रविवार देर रात हिरोडीह थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बनाकर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग करते हुए लाखों रुपये के गहने लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, झालूडीह निवासी पुनीत सोनार और प्रकाश सोनकर अपनी दुकान “वंदना ज्वेलर्स” (कोदम्बरी) बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जैसे ही वे जमखोखरो स्थित आनंद पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।

यह भी पढ़ें :पलामू में रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव बरामद, इलाके में सनसनी

ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली दहशत

दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया और दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 5 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बीच अपराधियों ने ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया, जिसमें लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने थे। वारदात को अंजाम देकर बदमाश कुछ ही मिनटों में मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके में नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। हालांकि, पुलिस ने अब तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की बात कही है।

Share this news

संबंधित खबरें