गढ़वा में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही, सुपरवाइजर से 24 घंटे में मांगा जवाब

Meenu | July 4, 2026 | 02:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में लापरवाही बरतने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण ने संबंधित सुपरवाइजर से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेवा संबंधी कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। जानकारी के अनुसार मतदान केंद्र संख्या 401 से 410 के पर्यवेक्षक दिवाकर कुमार पाठक, जो मनरेगा में कनीय अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, को पुनरीक्षण अभियान के दौरान सौंपे गए कार्यों में रुचि नहीं लेने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने का दोषी पाया गया है। इस संबंध में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, रंका कार्यालय की ओर से पत्र जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें :गढ़वा में जिंदा महिला को सरकारी रिकॉर्ड में दिखाया मृत, 4 साल से बंद है विधवा पेंशन

पहले भी जारी हो चुका है कारण बताओ नोटिस

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार दिवाकर कुमार पाठक को पहले भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। पत्र में कहा गया है कि उनकी लापरवाही के कारण SIR-2026 जैसे महत्वपूर्ण और समयबद्ध अभियान की प्रगति प्रभावित हुई है। प्रशासन ने इसे सरकारी दायित्वों के प्रति उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना है।

एफआईआर और सेवा समाप्ति की चेतावनी

अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित सुपरवाइजर को 24 घंटे के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेवा समाप्ति की अनुशंसा की जाएगी। साथ ही लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं- प्रशासन

गढ़वा प्रशासन ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण अभियान है। इसका उद्देश्य सभी योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ना और अयोग्य व्यक्तियों को हटाना है। प्रशासन ने दोहराया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें