धनबाद: ईसीएल क्वार्टर में युवक की संदिग्ध मौत, खून से लथपथ मिला शव

Meenu | March 23, 2026 | 10:30 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित शांति कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान काजल राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, काजल राय रविवार देर शाम अपने ईसीएल क्वार्टर पहुंचे थे। उस समय परिवार के अन्य सदस्य पास के गांव में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे, जिससे युवक रातभर घर में अकेला था।

सुबह सामने आया खौफनाक मंजर

सोमवार सुबह जब परिजन वापस लौटे और घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए। काजल राय जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हमले की आशंका जताई जा रही है।परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। कुछ ही देर में पूरे इलाके में भीड़ लग गई और घटना से मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें :झारखंड में बदला मौसम: बारिश और ठंडी हवाओं से गिरा तापमान, 24 मार्च से मिलेगी राहत

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। यह हत्या है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें