धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस का बढ़ाया गया रूट, अतिरिक्त स्लीपर कोच से यात्रियों को राहत

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। धनबाद से भुवनेश्वर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को अब नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। अब यह ट्रेन नए नंबर के साथ दोनों दिशाओं में चलेगी और यात्रियों को अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा भी मिलेगी।

कोच संख्या बढ़ने से सफर होगा आसान

शुरुआत में इस ट्रेन में जनरल के चार, स्लीपर के आठ, थर्ड एसी के तीन और सेकंड एसी का एक कोच लगाया गया था। अब इसे नियमित करने के बाद एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा, जिससे कुल नौ स्लीपर कोच के साथ ट्रेन संचालित होगी। इससे खासकर लंबी दूरी के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:धनबाद सिविल कोर्ट से 7 न्यायिक पदाधिकारी बंगाल प्रतिनियुक्त, कई मामलों की सुनवाई प्रभावित

चंद्रपुरा स्टेशन पर नया ठहराव

रेलवे ने इस ट्रेन का नया ठहराव चंद्रपुरा स्टेशन पर भी तय किया है। इससे आसपास के यात्रियों को भी इस ट्रेन का लाभ मिलेगा और सफर अधिक सुविधाजनक होगा।

पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस का उद्घाटन

इस बीच पुरुलिया से आनंद विहार तक रांची होकर चलने वाली नई ट्रेन का भी उद्घाटन किया गया। यह स्पेशल ट्रेन शाम 3:55 बजे पुरुलिया से रवाना होकर मूरी, रांची, टाटीसिल्वे, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड और डेहरी ऑन सोन से होते हुए रात 8:35 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।

आनंद विहार-टाटा वनवे स्पेशल

इसके अलावा 16 मार्च को आनंद विहार से टाटा नगर के लिए वनवे स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन सुबह 5:00 बजे आनंद विहार से रवाना होकर मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, बरकाकाना, मूरी और चांडिल होते हुए दोपहर 1:00 बजे टाटा पहुंचेगी।

नवरात्रि में दीक्षाभूमि एक्सप्रेस का विशेष ठहराव

आगामी नवरात्रि के दौरान कई ट्रेनों का अस्थायी ठहराव मैहर स्टेशन पर किया जाएगा। इसमें दीक्षाभूमि एक्सप्रेस भी शामिल है। 20 और 27 मार्च को चलने वाली 11045 कोल्हापुर-धनबाद ट्रेन मैहर में शाम 5:20 से 5:25 बजे तक रुकेगी। वहीं 23 और 30 मार्च को चलने वाली 11046 धनबाद-दीक्षाभूमि एक्सप्रेस का ठहराव रात 10:25 से 10:30 बजे तक रहेगा।

Share this news

संबंधित खबरें