चतरा में मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, नौकरी का झांसा देकर ले जाई जा रही लड़कियां रेस्क्यू

Rupa Kumari | May 19, 2026 | 04:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चतरा: झारखंड के चतरा जिले में नाबालिग लड़कियों की तस्करी की कोशिश को पुलिस और सामाजिक संगठनों की सतर्कता से नाकाम कर दिया गया। मामले में दो कथित दलालों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर लड़कियों को नौकरी और बेहतर जिंदगी का झांसा देकर बाहर ले जाने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और संबंधित टीमों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में जुटी पुलिस

चतरा पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस उनके मोबाइल फोन, संपर्कों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है ताकि मानव तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि लड़कियों को नौकरी और अच्छी कमाई का लालच देकर दूसरे राज्यों में ले जाने की तैयारी थी। रेस्क्यू की गई नाबालिग लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उनसे बाल कल्याण समिति और पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

यह भी पढ़ें:20 से अधिक माइंस बंद, जनता के सहयोग से होगा बड़ा आंदोलन: मधु कोड़ा

झारखंड में लगातार सामने आ रहे तस्करी के मामले

झारखंड के कई जिलों में लंबे समय से मानव तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। खासकर गरीब और ग्रामीण परिवारों की बच्चियों को नौकरी, शादी या बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर दूसरे राज्यों में ले जाया जाता है। कई मामलों में उन्हें घरेलू कामकाज या अन्य शोषण वाले कामों में धकेल दिए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें