Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य में बंद पड़ी लौह अयस्क खदानों, बढ़ती बेरोजगारी और पलायन को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय माइंस चालू कराने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और जल-जंगल-जमीन पर आदिवासी-मूलवासी अधिकार की बातें की जाती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है।
यह भी पढ़ें :रांची होटवार जेल में महिला कैदी से यौन उत्पीड़न का आरोप, कोर्ट के आदेश पर जांच शुरू
खनन क्षेत्रों में बढ़ रही बेरोजगारी
मधु कोड़ा ने कहा कि बड़ाजामदा, नोवामुंडी, गुवा और किरीबुरू समेत पूरे खनन क्षेत्र में हजारों युवा बेरोजगारी और पलायन की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि माइंस बंद होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है। उनके अनुसार छोटे दुकानदार, ट्रांसपोर्टर, होटल व्यवसायी, मजदूर और ग्रामीण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही।
“जनता की आवाज अब मीडिया के जरिए उठ रही”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मीडिया और अखबारों के माध्यम से जनता की पीड़ा खुलकर सामने आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता और बेरुखी के कारण लोगों को अपनी आवाज उठाने के लिए मीडिया का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विफलता करार दिया।
“जनता को बरगलाकर जीतते हैं चुनाव”
मधु कोड़ा ने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि केवल जनता को बरगलाकर चुनाव जीतने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार गंभीर होती तो 20 से अधिक माइंस वर्षों तक बंद नहीं रहतीं। उन्होंने कहा कि खदान बंद होने का सीधा असर रोजगार, व्यापार और आम लोगों की आजीविका पर पड़ा है।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल ही में गुवा क्षेत्र में सेल प्रबंधन के खिलाफ हुए जनआंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब जनता संगठित होती है तो सरकार और प्रबंधन दोनों को झुकना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जल्द माइंस शुरू कराने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और प्रभावित परिवारों के लिए ठोस नीति बनाने की दिशा में कदम नहीं उठाती है, तो जनता के सहयोग से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। मधु कोड़ा ने कहा कि अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहती है और सरकार को लोगों के सवालों का जवाब देना होगा।
Reporter | Samachar Post