Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। जेल में बंद एक महिला कैदी ने आरोप लगाया है कि जेल के भीतर कुछ अधिकारियों द्वारा उसका यौन उत्पीड़न किया गया। मामले की शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई है। इसके बाद पूरे मामले ने प्रशासनिक और न्यायिक स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है।
यह भी पढ़ें :AIIMS देवघर में न्यूरोसर्जरी वार्ड शुरू, अब क्षेत्र में मिलेगा अत्याधुनिक इलाज
झालसा की टीम के सामने महिला ने रखी बात
जानकारी के अनुसार झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर गठित जांच टीम के सामने पीड़िता ने अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न की जानकारी दी। महिला कैदी ने टीम को बताया कि जेल के अंदर उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंप दी।
कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इस मामले पर जस्टिस एस. एन. प्रसाद ने सोमवार को स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद एक उच्चस्तरीय जांच टीम तुरंत होटवार जेल पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जेल प्रशासन पर उठ रहे सवाल
घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मानवाधिकार और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post