Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान की समीक्षा को लेकर गुरुवार को उपायुक्त (DC) मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
2 अगस्त को होगा परख ओलंपियाड
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि 2 अगस्त 2026 को जिले के तीनों अनुमंडल मुख्यालयों के चयनित विद्यालयों में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए परख ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रतियोगिता से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा, साथ ही बोर्ड परीक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
समीक्षा बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर भी विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने ‘प्रोजेक्ट चेंज’ के तहत विद्यालयों में सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, बड़ों के सम्मान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक और नैतिक मूल्यों का भी विकास होना आवश्यक है।

आधारभूत संरचना विकास कार्यों की समीक्षा
बैठक में विद्यालय भवन, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, चारदीवारी और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026: बाबा नगरी की शाम होगी दिव्य, ड्रोन शो और लेजर लाइट शो से आसमान में दिखेगा महादेव का अद्भुत स्वरूप
शिक्षकों से सहयोग की अपील
बैठक के अंत में उपायुक्त मनीष कुमार ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सक्रिय भूमिका से ही विद्यार्थियों का समग्र विकास संभव है और बेहतर भविष्य की नींव मजबूत की जा सकती है।






















