चाईबासा-चक्रधरपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच 87 बूथों पर मतदान

Rupa Kumari | February 23, 2026 | 01:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कुल 87 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, जो शाम पांच बजे तक चलेगी।

बैलेट पेपर से हो रहा मतदान

इस बार चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। मतदान से पहले मतदाता पहचान पत्र की जांच की जा रही है, उसके बाद मतपत्र जारी किया जा रहा है। मतदाता गोपनीय कक्ष में जाकर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाकर मतपेटी में मत डाल रहे हैं।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा और मिहिजाम में मतदान की धूम, बूथों पर लगी लंबी कतारें

कंट्रोल रूम से निगरानी

जिला समाहरणालय सभागार में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु संयुक्त रूप से मतदान प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सभी 87 बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और लाइव निगरानी की जा रही है।

मैदान में कई दिग्गज

इस चुनाव में कई प्रमुख चेहरे मैदान में हैं। इनमें नितिन प्रकाश, रमेश खिरवाल, सुनील सब, अनूप कुमार सुलतानिया, क़ाबू दत्ता, फैयाज़ ख़ान, मो. सलीम, राधा मोहन बनर्जी और नितेश दोदराजका सहित अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। सभी की किस्मत आज मतपेटियों में बंद हो जाएगी।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को सील कर कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें