टैंकर पर चढ़कर बना रहा था रील, हाईटेंशन करंट से एक की मौत, दूसरा गंभीर झुलसा

Rupa Kumari | March 30, 2026 | 12:36 PM IST
  • बोकारो के प्रतिबंधित रेलवे यार्ड में हादसा, दोस्त को बचाने गया छात्र भी चपेट में आया

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो: बोकारो में रील बनाने का शौक एक छात्र के लिए जानलेवा साबित हुआ। रेलवे के प्रतिबंधित हंप यार्ड में वीडियो शूट के दौरान हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार, चास निवासी अभिमन्यु बनर्जी खाली ऑयल टैंकर पर चढ़कर रील बना रहा था। इसी दौरान उसने ऊपर गुजर रहे हाईटेंशन तार पर ध्यान नहीं दिया और हाथ उठाते ही करीब 25 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गया।

दोस्त को बचाने में गई जान

अभिमन्यु को तड़पता देख उसका दोस्त कौशिक शर्मा (16) उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि कौशिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने कौशिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिमन्यु का इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें: पाकुड़ रेलवे स्टेशन महावीर मंदिर में धूमधाम से मनेगा हनुमान जन्मोत्सव

प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे थे छात्र

बताया जा रहा है कि कुल सात छात्र रेलवे के प्रतिबंधित हंप यार्ड में रील और सेल्फी बनाने पहुंचे थे। रेलवे के ऐसे इलाकों में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित होता है। रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत ऐसे क्षेत्रों में प्रवेश करना दंडनीय अपराध है।

जांच में जुटी पुलिस

आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौके पर मौजूद अन्य छात्रों से पूछताछ की जा रही है। कौशिक शर्मा की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बताया जा रहा है कि वह अपनी मां का इकलौता सहारा था। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि प्रतिबंधित इलाके में छात्र कैसे पहुंच गए।

Share this news

संबंधित खबरें