Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के ड्रेस कोड को लेकर शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है। इसके तहत अब राज्य के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और कर्मचारी जींस-टीशर्ट पहनकर नहीं आ सकेंगे। उन्हें स्कूल में औपचारिक कपड़े पहनकर आने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शुक्रवार को इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी किया है। इसमें निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
सरकारी स्कूलों में AI के इस्तेमाल को मिलेगा बढ़ावा
ड्रेस कोड के अलावा शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को भी बढ़ावा देने की तैयारी कर रहा है। विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न AI टूल्स का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया है। विभाग का मानना है कि AI के इस्तेमाल से सरकारी कामकाज को आसान बनाने, समय बचाने और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी इस संबंध में योजना तैयार करने का निर्देश दिया था।

10 हजार कर्मचारियों के तबादले की तैयारी
बिहार शिक्षा विभाग में प्रशासनिक स्तर पर भी बड़े बदलाव की तैयारी है। विभाग के जिला और क्षेत्रीय कार्यालयों में पिछले 10 वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों का तबादला किया जा सकता है। प्रस्ताव के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत करीब 10 हजार कर्मचारियों को दूसरी जगह भेजने की योजना है। इसके लिए राज्यस्तरीय कैडर बनाने पर विचार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर मौजूदा नियमावली में भी बदलाव किया जा सकता है। गौरतलब है कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीके अनिल को बिहार शिक्षा विभाग का नया अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में विभाग में ड्रेस कोड, AI के इस्तेमाल और कर्मचारियों के तबादले जैसे प्रस्तावों पर काम किया जा रहा है।

















