Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिम सिंहभूम : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने तीन दिवसीय पश्चिम सिंहभूम दौरे के दौरान कहा कि उनके इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करना है। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याएं लिखित रूप में उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि उन्हें प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
यह भी पढ़ें : मेदिनीनगर में आवारा कुत्ते का हमला, आधे घंटे में 10 बच्चे घायल; इलाके में दहशत
कराईकेला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
रांची से बंदगांव होते हुए कराईकेला पहुंचने पर गुरुचरण नायक के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गुलदस्ता और पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष सुरेश साव, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, प्रेस प्रवक्ता बुधु पंडित, कराईकेला मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने रखीं स्थानीय समस्याएं
कराईकेला में ग्रामीणों ने बाबूलाल मरांडी के समक्ष कराईकेला बाजार से बाउरी साई तक सड़क निर्माण, पेयजल संकट और नकटी डैम नहर निर्माण सहित कई स्थानीय समस्याएं रखीं। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से इन मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। मरांडी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने की अपील
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, जनता से लगातार संवाद बनाए रखने और सेवा कार्यों के माध्यम से पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों से राज्य में बालू घाटों की नीलामी नहीं होने के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध बालू उठाव और अवैध खनन गतिविधियों को संरक्षण मिलने के कारण नियमित नीलामी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को समय पर नहीं मिल रहा है और राज्य में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहे हैं।
बंदगांव में भी हुआ स्वागत
इससे पहले बंदगांव में भाजपा जिला उपाध्यक्ष टिलु सिंह के नेतृत्व में भी बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विवेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post

