Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह शुक्रवार को साहिबगंज कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र में हिस्सा लिया। कॉलेज के विज्ञान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने एसपी से उनकी सफलता की राह और तैयारी के तरीकों से जुड़े कई प्रश्न पूछे। एसपी अमित कुमार सिंह ने धैर्यपूर्वक सभी सवालों का जवाब देते हुए छात्रों को प्रोत्साहित किया।
“सफलता के लिए अपनी इच्छा और जज्बा जरूरी”
छात्रों को प्रेरित करते हुए एसपी ने कहा कि सफलता मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा, जब तक खुद के भीतर कुछ बनने की तीव्र इच्छा नहीं होगी, सफलता मिलना मुश्किल है। किसी के सपनों को पूरा करने के लिए पढ़ाई और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पढ़ाई दोनों में बड़ा अंतर है। उन्होंने यह भी बताया कि कई छात्र अपने माता-पिता की इच्छा के कारण पढ़ते हैं, ऐसे में सफलता दूर हो सकती है। जबकि जिनके अंदर खुद आगे बढ़ने का जज्बा होता है, वे कठिन परिश्रम से किसी भी ऊंचाई को छू सकते हैं।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का हमला: दिल्ली की जहरीली हवा पर संसद में तुरंत बहस हो
UPSC और बड़ी परीक्षाओं को लेकर सुझाव
छात्रों ने एसपी से पूछा कि वह अपनी सफलता तक कैसे पहुंचे और UPSC जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता पाए जाने के लिए क्या तरीका अपनाया जा सकता है। एसपी ने कुछ सरल लेकिन प्रभावी सुझाव दिए, मेहनत को प्राथमिकता दें, आत्मविश्वास और जज्बा सबसे बड़ी पूंजी है, सफलता का एक फिक्स्ड फार्मूला नहीं, लेकिन लगन और सही तकनीक से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, समय के साथ खुद को अपडेट करते रहें। संवाद के दौरान एसपी ने छात्रों को साइबर क्राइम और आधुनिक अपराधों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कानूनी पहलुओं को सरल भाषा में समझाते हुए छात्रों को सावधान रहने की सलाह दी।
गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में एसपी अमित कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट स्टूडेंट्स को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।