स्थानीय विरोध के बाद मानगो फ्लाइओवर निर्माण कार्य रोका गया, सड़कें फिर से खोली गईं

Rupa Kumari | November 25, 2025 | 03:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : मानगो, दाईगुट्टू, न्यू पुरुलिया रोड और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे विरोध के बीच मंगलवार को मानगो फ्लाइओवर का निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया। स्थानीय दुकानदारों और फुटपाथी व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से दुकानें बिना नोटिस के हटाई जा रही थीं, जिससे उनका कारोबार ठप पड़ गया था। लोगों का कहना था कि निर्माण कार्य से उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन छोटे व्यवसायियों को हटाकर उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।

ट्रैफिक में बदलाव से बढ़ी परेशानी

फ्लाइओवर निर्माण के कारण मानगो चौक से गांधी मैदान तक सड़क को वन-वे कर दिया गया था। केवल दोपहिया वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति थी। चारपहिया वाहनों को दाईगुट्टू, गांधी मैदान के रास्ते उलीडीह–बिरसा रोड की ओर डायवर्ट किया गया था। इस बदलाव से स्थानीय बस्तियों में जाम की स्थिति बन गई और लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित होने लगी।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: कुख्यात अपराधी सुधीर दुबे का धमकी भरा वीडियो वायरल, पुलिस हाई अलर्ट पर

विरोध के बाद विधायक पहुंचे मौके पर

मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय निवासी और व्यापारी अपनी समस्याओं को लेकर विधायक सरयू राय और एनडीए कार्यकर्ताओं को मौके पर बुलाने पहुंचे। लोगों ने बताया कि मानगो चौक से बड़ा हनुमान मंदिर तक अधिकतर दुकानें बंद थीं और बाजार में प्रवेश करना मुश्किल हो गया था। विधायक सरयू राय ने एनडीए कार्यकर्ताओं और जनसुविधा प्रतिनिधियों के साथ साइट पर पहुंचकर फ्लाइओवर निर्माण कार्य देख रही कंपनी के साइट इंचार्ज नीलेश जाधव से मुलाकात की।

स्थानीय मांगों पर फिलहाल सहमति

स्थानीय लोगों ने मांग रखी कि, पहले डिमना रोड का फ्लाइओवर पूरा किया जाए। उसके बाद ही मानगो फ्लाइओवर का काम शुरू किया जाए, ताकि ट्रैफिक और कारोबारी गतिविधियों में अड़चन कम हो। वार्ता के बाद साइट इंचार्ज नीलेश जाधव ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई और निर्माण कार्य तत्काल रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

ट्रैफिक सामान्य, बैरिकेड हटाए गए

निर्देश मिलते ही मानगो चौक, आकाशगंगा और गणगौर स्वीट्स के पास लगे बैरिकेड्स हटा दिए गए। सड़कें दोनो दिशाओं में फिर से खोल दी गईं, जिससे ट्रैफिक और बाजार गतिविधियां धीरे-धीरे सामान्य होने लगीं।

Share this news

संबंधित खबरें