Samachar Post डेस्क,पटना : पटना के खुसरूपुर से गिरफ्तार 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी मिथुन कुमार मंगलवार की सुबह नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) से पुलिस कस्टडी के दौरान फरार हो गया। गिरफ्तारी के बाद उसका इलाज अस्पताल में चल रहा था।
अस्पताल से ऐसे हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक मिथुन कुमार ने चौकीदार और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को धक्का देकर अस्पताल से बाहर भागने में कामयाबी पाई। घटना की सूचना मिलते ही कई वरिष्ठ अधिकारी NMCH पहुंचे और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
अस्पताल परिसर और आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया जांच अभियान, 4 लोगों में मिली संक्रमण की पुष्टि
कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
मिथुन कुमार पर पटना और झारखंड में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 3 दिन पहले खुसरूपुर थाना क्षेत्र के हरदास बीघा स्टेशन रोड पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में मिथुन ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी।

लापरवाही पर कार्रवाई
घटना के बाद ग्रामीण SP अपराजित लोहान ने बताया कि मिथुन की सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मी निलंबित किए जाएंगे। साथ ही थानेदार को शोकॉज किया गया है। पुलिस फरार अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी और जांच कर रही है और जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।






















