- फारबिसगंज में मतदान के बीच टकराव
Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में अररिया के फारबिसगंज से तनाव की खबर सामने आई है। फारबिसगंज कॉलेज स्थित पोलिंग बूथ नंबर 198 के बाहर मतदान के दौरान BJP और कांग्रेस समर्थकों में तीखी नोकझोंक के बाद जमकर हंगामा हुआ।
यह भी पढ़ें :पाकुड़: बंद घर में बड़ी चोरी, 7.50 लाख के जेवर, 1.10 लाख नकद और स्मार्ट टीवी गायब

प्रत्याशियों की बहस से भड़की भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, यहां BJP उम्मीदवार विद्यासागर केसरी और कांग्रेस उम्मीदवार मनोज विश्वास के बीच पहले बहस शुरू हुई। आरोप है कि BJP प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी की गाड़ी पर लगे पार्टी स्टीकर पर आपत्ति जताई, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने BJP की गाड़ी को सीज कराने की मांग कर दी। इसी बीच समर्थकों के बीच टकराव बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
समर्थकों में मारपीट, पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग
मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद हालात काबू में आए।

SDO बोले – मामले की जांच जारी
घटना पर फारबिसगंज SDO रंजीत कुमार रंजन ने कहा,फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। मामले की जांच की जा रही है, दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी। झड़प के बाद कुछ देर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि अब मतदान सामान्य गति से चल रहा है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





















