Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र स्थित रांची–पटना मुख्य मार्ग (NH-20) पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। छड़ (सरिया) से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गया, जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सेमरियावान जिले के निवासी 32 वर्षीय राम प्रकाश (पिता– सुरेश राम) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें :रामगढ़ में हाथियों के झुंड ने दो युवकों को कुचलकर मारा, ग्रामीणों में आक्रोश
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, ट्रक कोडरमा से पटना की ओर जा रहा था। बंदरचुआं घाटी के खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने की मदद
दुर्घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने ट्रक गिरा देखा और तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलवाई। इसके बाद चालक के शव को कोडरमा सदर अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घाटी में कई तीखे और खतरनाक मोड़ हैं, जिसके चलते इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं।
परिजनों के आने के बाद शव का कराया जाएगा पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को खाई से बाहर निकलवाया और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Reporter | Samachar Post