Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :जिले के जमुआ प्रखंड क्षेत्र में स्थित विवादित पत्थर माइंस में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। झड़प में एक व्यक्ति की मौत और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक को गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :घाटशिला उपचुनाव: सुबह 11 बजे तक 34.32% मतदान, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
संचालक और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद भड़का
सूत्रों के अनुसार, यह पत्थर खदान कई वर्षों से बंद थी। हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने अपने लोगों के साथ खदान का संचालन शुरू किया। जब स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो संचालक पक्ष ने लाठी-डंडे और हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान गोलीबारी भी हुई।
पहले से चला आ रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि खदान को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव था। मंगलवार सुबह यह विवाद अचानक भड़क गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति, घायलों को अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोली चलाने वालों की पहचान कर रही है। फिलहाल सभी आरोपी गांव से फरार हैं।
Reporter | Samachar Post