Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा जिले में 7 दिनों से लापता छात्र सत्यम साहू का शव गुरुवार को धमनिया स्थित एक पानी से भरी पत्थर खदान में तैरता मिला। शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने इसे प्रेम-प्रसंग से जुड़ी सुनियोजित हत्या बताया है।
ट्यूशन जाने के लिए निकला, फिर नहीं लौटा
रक्सी गांव निवासी सत्यम 30 अक्टूबर की शाम ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। अगले दिन यानी 31 अक्टूबर को परिजनों ने चतरा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पत्थर खदान के गहरे पानी में मिला शव
आठ दिनों की तलाश के बाद सत्यम का शव सदर थाना क्षेत्र के धमनिया स्थित खदान के गहरे पानी में तैरता हुआ मिला। शव की हालत देख हत्या की आशंका और भी गहरी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें :पेड़ से लटका मिला 17 वर्षीय लड़की का कटा सिर, दुमका में सनसनी
परिजनों का आरोप – प्रेम प्रसंग में हुई हत्या
मृतक के मामा श्रवण साव ने आरोप लगाया कि सत्यम की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है और सबूत मिटाने के लिए शव को खदान में फेंक दिया गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का भी गंभीर आरोप लगाया, कहा कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद सत्यम को खोजने में पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
पुलिस की कथित उदासीनता से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने चतरा–चौपारण मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन ठप हो गया और लंबा जाम लग गया।
एसडीपीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ संदीप कुमार सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया और जल्द दोषियों की गिरफ्तारी व न्याय का भरोसा दिलाया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और स्थिति सामान्य हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हत्या सहित सभी कोणों पर जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post