Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए एसएसपी राकेश रंजन रविवार की देर रात अचानक सड़कों पर निकल पड़े। उनके इस औचक निरीक्षण की किसी भी पुलिस अधिकारी या जवान को पहले से जानकारी नहीं थी। एसएसपी ने देर रात बिरसा चौक, मेन रोड, हरमू, बायपास रोड, अरगोड़ा चौक समेत शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की, वाहनों की चेकिंग और गश्ती व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर लापरवाही देखने को मिली, जिस पर उन्होंने ओरमांझी और पिठोरिया थाने के थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
लापरवाही पर सख्त रुख
एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में कोताही या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हर पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए और रात्री गश्ती को और प्रभावी बनाया जाए।
यह भी पढ़ें: रांची एयरपोर्ट : हर बात के लिए पैसा, लेकिन सुरक्षा और व्यवस्था भगवान भरोसे
कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा, “चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, पुलिस को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए।”
निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा
एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार किए जाएंगे, ताकि रांची में कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।