Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा :लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के दोबा बरटोली गांव में रविवार को धर्म परिवर्तन को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने बैठक कर स्पष्ट चेतावनी दी हैगा। बैठक वार्ड सदस्य करमी देवी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सुनिला उरांव नामक महिला ने अपने पति सुनील उरांव पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया। सुनिला ने बताया कि उसका पति पिछले एक महीने से उसे भी धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहा है, जिससे परिवार में लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें:PM मोदी आज कोसी-सीमांचल में करेंगे चुनावी जनसभाएं, NDA प्रत्याशियों के समर्थन में मांगेंगे वोट
गांव की एकता, परंपरा और धार्मिक पहचान के खिलाफ गतिविधि बर्दाश्त नहीं
ग्रामीणों ने बैठक में सर्वसम्मति से तय किया कि अगर सुनील उरांव सरना धर्म छोड़कर दूसरा धर्म अपनाते हैं, तो उन्हें गांव से बेदखल कर दिया जाएगा। साथ ही, उनके खिलाफ हुक्का-पानी बंद करने और गांव की जमीन-जायदाद से वंचित करने का भी निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की एकता, परंपरा और धार्मिक पहचान के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों ने अपने निर्णय की लिखित जानकारी थाना प्रभारी मनोज कुमार को सौंपी है और धर्म परिवर्तन की कोशिशों पर रोक लगाने की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। बैठक में करमी देवी, सुकुरमनी उरांव, गनसा उरांव, चमना उरांव, सुमेर लकड़ा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





















