जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाकर 36वीं बार किया रक्तदान, अपने साथ 22 लोगों को कराया ब्लड डोनेट

Samachar Post | July 2, 2024 | 11:34 AM IST

अमन मिश्रा ने 18वें बर्थडे से ब्लड डोनेशन की शुरूआत की, फिर 2018 में जीवनदान नाम की संस्था बनाई और लोगों को करने लगे रक्तदान के लिए जागरूक
ब्लड डोनेशन में एक्टिव अमन मिश्रा के ऊपर ब्लड डोनेशन पर डॉक्यूमेंट्री भी बनी, यूट्यूब पर हो चुकी है रीलिज

Samachar Post, रांची : अपने जन्मदिन को सेलीब्रेट करने का सबका अपना-अपना तरीका होता है। कोई पार्टी मनाकर उत्साह मनाते है, तो कोई जरूरतमंदों के बीच खाना-कपड़े बांटकर। रांची में एक दैनिक अखबार से जुड़े पत्रकार अमन मिश्रा अपने हर जन्मदिन पर रक्तदान कर दिन को खास बनाते हैं। न सिर्फ खुद रक्तदान करते हैं बल्कि अपने साथ कई लोगों को भी रक्तदान करते हैं। मंगलवार को रांची प्रेस क्लब में अमन मिश्रा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 लोगों ने रक्तदान किया। 6 लोगों ऐसे भी थे जिन्होंने पहली बार रक्तदान किया। अमन मिश्रा ने बताया कि उन्होंने रक्तदान की शुरूआत अपने 18वें जन्मदिन के दिन से की थी। इसके बाद से हर तीन माह के अंतराल में नियमित रक्तदान करते हैं। अबतक उन्होंने 36 बार ब्लड डोनेट किया है। 

रक्तदान शिविर लगाकर दूसरों को मोटिवेट करना शुरू किया
अमन मिश्रा ने बताया कि शुरूआत में दूसरे संस्थाओं द्वारा लगाए गए रक्तदान शिविर में रक्तदान करना शुरू किया। नियमित रक्तदान के बाद लगा लोगों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए। फिर 2018 में जीवनदान नाम से खुद की संस्था बनाई। संस्था द्वारा पिछले छह सालों में करीब 150 से ज्यादा ब्लड डोनेशन कैंप राज्य के विभिन्न जिलों में लगाया जा चुका है। जीवनदान के 40 से ज्यादा एक्टिव वॉलिंटियर 8 जिलों में सक्रिय हैं।

पहले घर के लोगों को मोटिवेट किया, माता-पिता सभी करते है नियमित रक्तदान

अमन मिश्रा ने जीवनदान संस्था बनाने के बाद सबसे पहले घर के लोगों को मोटिवेट करना शुरू किया। घर के लोगों को जब रक्तदान का फायदा बताया तो ना-नुकुर के बाद सभी रक्तदान के लिए तैयार हो गए। 2019 के बाद से माता-पिता, भाई-बहन सभी नियमित रुप से रक्तदान करते हैं। जीवनदान संस्था द्वारा छह सालों में 750 से ज्यादा लोगों को प्रेरित कर पहली बार रक्तदान कराया जा चुका है।

प्रेस क्लब में लगे शिविर में 22 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
प्रेस क्लब में लगे रक्तदान शिविर में 22 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। कैंप की शुरूआत प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्य सौरभ शुक्ला द्वारा पहला रक्तदान कर किया गया। इसके बाद प्रेस क्लब और जीवनदार संस्था के बाकी सदस्यों ने भी रक्तदान किया। पहली बार रक्तदान करने वालों में क्लब के कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, चंद्रप्रकाश रावत, आषीश कुमार, रोहित कुमार, व अन्य शामिल थे। 

जीवनदान संस्था के संस्थापक अमन मिश्रा ने बताया कि कैंप के माध्यम से विभिन्न ब्लड बैंकों में खून की कमी को दूर करने का प्रयास किया जाता है। हम बतौर रक्तदाता संगठन लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता लाने की कोशिश करते हैं। बावजूद सच्चाई यह है कि हर 10 व्यक्ति को ब्लड डोनेशन के लिए मोटिवेट करने में मात्र 1 या 2 लोग ही इसके लिए तैयार होते हैं। अब भी लोगों में रक्तदान को लेकर काफी भ्रांति है, इसे दूर करना बेहद जरूरी है। रक्तदान शिविर में क्लब के उपाध्यक्ष धमेंद्र गिरी, सदस्य चंदन भट्‌टाचार्य, मोनू कुमार, विजय मिश्रा समेत अन्य उपस्थित रहें। वहीं, रिम्स ब्लड बैंक से काउंसलर डॉ. कविता देवघरिया, सीनियर रेजिडेंट डॉ. चंद्रभूषण, डॉ. राजनंदिनी व अन्य शामिल थे।
Share this news

संबंधित खबरें