मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

बोकारो में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर अमित की हत्या, आरोपी सूरज गिरफ्तार

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में माराफारी थाना क्षेत्र के झोपड़ी कॉलोनी स्थित डोमपाड़ा के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार उर्फ भुरा (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नशा करने के लिए पैसे मांगने और नहीं मिलने पर हुए विवाद में अमित कुमार की हत्या की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का दावा किया है।

17 अक्टूबर की रात मिला था युवक का शव

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात डोमपाड़ा के नीचे खाली जगह पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद माराफारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में माराफारी थाना कांड संख्या 85/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने घटनास्थल की जांच करने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए।

घटनास्थल से गमछा, चप्पल और गंजी बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक गमछा, चप्पल और ‘हर-हर महादेव’ लिखा हुआ गंजी बरामद किया था। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने इन सामानों को अपना बताया। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद भागते समय आरोपी के ये सामान घटनास्थल पर छूट गए थे। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की गई।

परिजनों के बयान से जांच को मिली दिशा

पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां और दोनों बहनों ने अपने बयान में बताया कि घटना वाली रात सूरज ‘हर-हर महादेव’ लिखा गंजी और लाल गमछा पहने हुए था। परिजनों के मुताबिक, वह रात में घर नहीं लौटा था। सुबह जब वह वापस आया, तो उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई कपड़ा नहीं था। आरोपी की बहन ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात सूरज डनलप यानी गद्दा फेंकने के बहाने डोमपाड़ा के नीचे की ओर गया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं दो मामले

गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार उर्फ भुरा बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी के डोमपाड़ा स्थित कृष्णा मंदिर के पास का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ माराफारी थाना में पहले से दो मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 का कांड संख्या 73/2019 और वर्ष 2022 का कांड संख्या 97/2022 शामिल हैं। इस कार्रवाई में माराफारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार, बालीडीह ओपी प्रभारी आनंद आजाद, सब-इंस्पेक्टर सत्येंद्र पासवान, एएसआई अरविंद प्रसाद, उमेश सिंह और रमेश हसदा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment