मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

खूंटी में फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले के विरोध में सड़क जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : झारखंड के खूंटी में आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार को मसीही समुदाय और आदिवासी समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भगत सिंह चौक पर सड़क जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण खूंटी-सिमडेगा और रांची-चाईबासा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस बीच, तोरपा के झामुमो विधायक सुदीप गुड़िया ने पल्स अस्पताल पहुंचकर घायल फादर का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों के हवाले से बताया कि फादर की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले के विरोध में सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे मार्शल बारला ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विद्यालय के प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला होना पूरे समाज के लिए दुखद है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हमले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खूंटी जैसे शांतिप्रिय इलाके में ऐसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। सड़क जाम के कारण दोनों मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ और बाइक सवारों समेत अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस की अपील के बावजूद मांग पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी

सड़क जाम समाप्त कराने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे। अधिकारियों ने उनसे सड़क खाली करने और पुलिस को जांच के लिए समय देने की अपील की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में सहयोग करने का भी आग्रह किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। वे हमले के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी चाहते थे।

अस्पताल पहुंचकर विधायक ने जाना फादर का हाल

इधर, तोरपा के झामुमो विधायक सुदीप गुड़िया घायल फादर बेनेदिक्त बारला का हाल जानने पल्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर फादर को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का आग्रह किया। विधायक के अनुसार, चिकित्सक फादर की सीटी स्कैन समेत अन्य जरूरी जांच कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई है।

गोली लगने की पुष्टि नहीं, नुकीले हथियार से हमले की आशंका

विधायक सुदीप गुड़िया ने चिकित्सकों के हवाले से बताया कि फादर को गोली नहीं लगी है। उन पर किसी नुकीली वस्तु या चाकू जैसे हथियार से हमला किए जाने की आशंका है। हालांकि, हमले में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

एसपी से बात कर जल्द कार्रवाई का आग्रह

विधायक सुदीप गुड़िया ने घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आम लोगों से संयम बरतने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई करेगी। वहीं, प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अपनी मांग पर जोर देते रहे।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment