Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में छात्राओं की निजता से जुड़े गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। हरमू रोड स्थित एक राइफल शूटिंग क्लब के चेंजिंग रूम और बाथरूम में कथित तौर पर गुप्त कैमरे लगाए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद छात्राओं और उनके परिजनों ने क्लब परिसर में हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। मामले की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
मोबाइल जांच में वीडियो मिलने का दावा
बताया गया कि शूटिंग की ट्रेनिंग लेने वाली कुछ छात्राओं को चेंजिंग रूम और बाथरूम में संदिग्ध गतिविधि का एहसास हुआ। इसके बाद जांच करने पर वहां कथित रूप से छिपाकर लगाए गए कैमरों का पता चला। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेनर के मोबाइल फोन की जांच के दौरान छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम से रिकॉर्ड किए गए कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मोबाइल
पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित कैमरे कब से लगाए गए थे और रिकॉर्ड किए गए वीडियो का कहीं किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा या ऑनलाइन प्रसार तो नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















