Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : मानगो के ओलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड की एक मोबाइल दुकान में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक चाकू लेकर दुकान में घुस गया। युवक ने दुकान संचालक से पैसे देने की मांग करते हुए बैग में बम होने का दावा किया और पैसे नहीं देने पर दुकान उड़ाने की धमकी दी। युवक के दुकान में प्रवेश करते ही बैग से टाइमर जैसी आवाज आने लगी। इससे दुकानदार और ग्राहक घबरा गए। हालांकि, दुकान में मौजूद लोगों की संख्या अधिक होने के कारण युवक खुद भी घबराया और बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया।
चाकू दिखाकर गल्ले से पैसे देने की दी धमकी
दुकान संचालक नीतीश मित्तल के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। उस वक्त दुकान में उनके पिता विनय कुमार मित्तल, भाई नितिन मित्तल और कई ग्राहक मौजूद थे। इसी दौरान मंकी कैप पहने और काले कपड़े में एक युवक पीठ पर बैग लेकर दुकान में दाखिल हुआ। अंदर आते ही उसने चाकू निकाल लिया और काउंटर पर बैठे नितिन मित्तल से गल्ले में रखे पैसे देने को कहा। युवक ने दावा किया कि उसके बैग में बम है। उसने धमकी दी कि अगर तत्काल पैसे नहीं दिए गए तो वह दुकान को बम से उड़ा देगा। इसके बाद दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
भीड़ देखकर भागने लगा युवक, लोगों ने पकड़ा
बताया जा रहा है कि युवक चाकू दिखाकर लूट की कोशिश कर रहा था, लेकिन दुकान में मौजूद ग्राहकों की भीड़ देखकर वह खुद भी घबरा गया। कुछ लोगों को अपनी ओर बढ़ता देखकर उसने दुकान से बाहर निकलने की कोशिश की। इसी दौरान स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने युवक की पिटाई भी की। इसके बाद घटना की जानकारी ओलीडीह पुलिस को दी गई।
बैग में मिला स्पीकर, मोबाइल से चला रहा था टाइमर की आवाज
स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक के बैग की तलाशी लेने पर उसमें एक स्पीकर मिला। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने मोबाइल में यूट्यूब के जरिए टाइमर की आवाज चला रखी थी और स्पीकर की मदद से दुकान में बम के टाइमर जैसी आवाज सुनाई जा रही थी। इस तरह युवक लोगों को यह विश्वास दिलाने की कोशिश कर रहा था कि उसके बैग में बम रखा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद ओलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कौन है, वह कहां से आया था और मोबाइल दुकान में लूट की कोशिश के पीछे उसका मकसद क्या था। घटना में इस्तेमाल चाकू, बैग और स्पीकर समेत अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।






















