Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी गांव में छह महीने पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गई। 24 सितंबर की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब छह महीने पहले भी विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन रंजिश पूरी तरह खत्म नहीं हुई। 24 सितंबर की रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई।
एसपी के निर्देश पर बनी SIT
घटना के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सतीश यादव और अनुज यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल से कार और अन्य साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से खून के नमूने, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई हैं। पुलिस इन सभी सामग्रियों को जांच के महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस का कहना है कि घटना के समय दो आरोपियों के साथ अन्य लोग भी मौजूद थे। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। SIT सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।




















