मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

सिमडेगा में प्रेमिका हत्याकांड का खुलासा, अग्निवीर जवान गिरफ्तार; पुलिस के अनुसार अपहरण की झूठी कहानी रची

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : सिमडेगा जिले में युवती के कथित अपहरण का मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस के अनुसार, अग्निवीर जवान अनित एक्का (21) ने अपनी प्रेमिका झरना टोप्पो की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया और बाद में अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 26 सितंबर को टी.टांगर थाना में युवती के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करने का दावा

एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने 27 सितंबर को बोलबा थाना क्षेत्र के मच्छकटा (झरिया डीपा) निवासी अनित एक्का को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती की हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने की बात स्वीकार की।

कॉलेज में हुई थी दोनों की पहचान

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार, अनित एक्का और झरना टोप्पो के बीच वर्ष 2022 में सिमडेगा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध शुरू हुआ था। वर्ष 2024 में अग्निवीर के रूप में चयन के बाद अनित भोपाल में प्रशिक्षण और बाद में बारामूला में तैनात था। पुलिस का कहना है कि इस दौरान भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा, लेकिन बाद में रिश्ते में विवाद बढ़ गया।

महिला थाना में शिकायत के बाद हुआ था समझौता

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर झरना ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद दोनों के बीच शादी को लेकर समझौता हुआ, लेकिन मई 2026 के बाद फिर मतभेद बढ़ गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी का दावा है कि युवती कोर्ट मैरिज या 15 लाख रुपये की मांग कर रही थी और केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।

जंगल ले जाकर हत्या, शव दफनाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को छुट्टी पर घर आए अनित एक्का ने झरना को स्कूटी से मच्छकटा जंगल ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर शंख नदी के किनारे ले जाया गया, जहां गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती का मोबाइल भी नदी में फेंक दिया ताकि कोई सुराग न मिल सके।

हत्या के बाद दर्ज कराई अपहरण की शिकायत

पुलिस का कहना है कि हत्या के दो दिन बाद, 26 सितंबर को अनित एक्का खुद टी.टांगर थाना पहुंचा और झरना के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में मामला अपहरण का प्रतीत हुआ, लेकिन तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी पर संदेह हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment