Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की देर रात हुए रितिक यादव उर्फ बड्डी हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के आधार पर दोनों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने सतीश यादव को मुख्य आरोपी और अनुज कुमार यादव को उसका सहयोगी बताया है।
एसआईटी ने संभाली हत्याकांड की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम को हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया था। पुलिस के अनुसार, SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मामले में 25 सितंबर को मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 270/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बिना नंबर की कार समेत कई सामान जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की रिनॉल्ड कंपनी की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार जब्त की है। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने वाले रूई के टुकड़े, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद करने की बात कही है। पुलिस इन सामानों को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, हत्याकांड से जुड़े अन्य नामजद और अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। SIT हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है।
कई पुलिस अधिकारियों को जांच में लगाया गया
हत्याकांड की जांच के लिए गठित टीम में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पीरटांड़ थाना प्रभारी जीतेन्द्र सिंह और पंचबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा तकनीकी शाखा, अनुसंधान विंग, संबंधित थानों के पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल भी कार्रवाई में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।




















