Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के दीपशीला गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने करीब एक सप्ताह बाद सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। एसपी अमित रेणु के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी सेल की मदद से बच्चियों को बरामद किया।
17 सितंबर की शाम घर से निकली थीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे तीनों बच्चियां पड़ोस के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद वे देर रात तक घर नहीं लौटीं। परिजनों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद 21 सितंबर को राजवती मरांडी, पति सनातन मरांडी ने मनोहरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में दो अज्ञात युवकों पर बच्चियों के अपहरण की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने इस आधार पर कांड संख्या 38/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
विशेष टीम ने कई ठिकानों पर की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर मनोहरपुर थाना प्रभारी एनुवाल एक्का के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम में तकनीकी सेल और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ तकनीकी माध्यमों से बच्चियों की तलाश शुरू की। एक महत्वपूर्ण सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
दो नाबालिग बालक हिरासत में, वैधानिक प्रक्रिया जारी
बच्चियों की बरामदगी के साथ पुलिस ने मामले में संलिप्त बताए जा रहे दो नाबालिग बालकों को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बच्चियों से मिली जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की आगे पड़ताल कर रही है।



















