Samachar Post रिपोर्टर, रांची : वर्ष 2018 से लापता गुमला की बच्ची के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले के मुख्य आरोपी भूखली लकड़ा का कांके स्थित रिनपास (RINPAS) में साइकोलॉजिकल इवैल्यूएशन टेस्ट कराया जा चुका है, लेकिन इसकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। सरकार ने रिपोर्ट अदालत में दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। साथ ही 2018 से 2022 के बीच मामले की जांच करने वाले तत्कालीन अनुसंधानकर्ताओं और एसपी के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े एक सदस्यीय कमेटी की जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए भी अतिरिक्त समय की मांग की गई।
गुजरात में नहीं हो सका था नार्को टेस्ट
इससे पहले हुई सुनवाई में सरकार की ओर से हाईकोर्ट को बताया गया था कि मुख्य आरोपी का गुजरात के गांधीनगर में नार्को टेस्ट स्वास्थ्य संबंधी कारणों से नहीं हो सका था। इसके बाद गांधीनगर में आरोपी के सस्पेक्ट डिटेक्शन टेस्ट समेत दो पूरक टेस्ट कराए गए थे। इन जांचों की रिपोर्ट भी अभी अदालत के समक्ष पेश नहीं की गई है।
28 सितंबर को अगली सुनवाई
अदालत ने राज्य सरकार को लंबित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर 2026 को निर्धारित की है। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने अदालत में पक्ष रखा। हाईकोर्ट अब अगली सुनवाई में जांच से जुड़ी रिपोर्ट और सरकार की ओर से मांगी गई अन्य जानकारी पर विचार करेगा।

2018 से लापता है छह वर्षीय बच्ची
मामला सितंबर 2018 से लापता गुमला की छह वर्षीय बच्ची से जुड़ा है। बच्ची की बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उसकी मां चंद्रमुनि उराइन ने हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत जांच की प्रगति और संबंधित अधिकारियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं पर भी नजर रख रही है।
यह भी पढ़ें : शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी 700 अंक तक टूटे; BSE मार्केट कैप 5 लाख करोड़ घटा
जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे बढ़ेगा मामला
फिलहाल मुख्य आरोपी की मनोवैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट और पहले कराए गए पूरक परीक्षणों के नतीजों का इंतजार है। इनके अलावा 2018 से 2022 तक की जांच में शामिल अधिकारियों की भूमिका को लेकर गठित कमेटी की रिपोर्ट भी अदालत में पेश की जानी है। इन रिपोर्टों के सामने आने के बाद ही मामले की जांच की अगली दिशा और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


