Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की एक गली में गुरुवार सुबह कपड़े में लिपटा नवजात मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गली सेरसा स्टेडियम के सामने स्थित है। नवजात के रोने की आवाज सुनकर एक युवक मौके पर पहुंचा और उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद RPF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नवजात को अपने संरक्षण में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल नवजात की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान मिली रोने की आवाज
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक युवक को गली के किनारे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर उसने कपड़े में लिपटे नवजात को देखा। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और मामले की जानकारी RPF को दी गई। सूचना मिलते ही RPF और पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में नवजात का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस अब बच्चे को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। खास तौर पर कॉलोनी के प्रवेश और निकास मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिल सके।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में निवेश के नाम पर 9 लाख की ठगी का आरोप, तीन महिलाओं ने थाने में दी शिकायत
अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी जानकारी जुटाई जा रही
पुलिस आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी हाल के दिनों में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज व अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर नवजात को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


