Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बुधवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी कुमार गौरव ने की। इसमें जिले के विभिन्न पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान पिछले महीने के आपराधिक मामलों की समीक्षा के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हत्या, लूट और पॉक्सो मामलों की समीक्षा
अपराध समीक्षा बैठक में पिछले महीने दर्ज और सामने आए प्रमुख मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। एसपी ने हत्या, लूट, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और यूडी कांडों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक हुई गिरफ्तारियों, अनुसंधान की प्रगति और मामलों के उद्भेदन के लिए उठाए गए कदमों का भी जायजा लिया। एसपी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
लंबे समय से फरार अपराधियों पर विशेष अभियान
कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के दौरान फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। एसपी ने पिछले एक वर्ष या उससे अधिक समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने को कहा। इसके अलावा दागी पंजी यानी आपराधिक रिकॉर्ड को लगातार अपडेट रखने और गृहभेदन की घटनाओं में सक्रिय गिरोहों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।

नागरिक सुविधाओं का समय पर निपटारा जरूरी
बैठक में पुलिस से जुड़ी नागरिक सेवाओं को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। एसपी ने लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के मामलों को बिना अनावश्यक देरी के पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही ई-डार पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियों और मालखाना प्रभार की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।
यह भी पढ़ें : असम में निवेश के वादों को जमीन पर उतारने की तैयारी, हिमंता बिस्वा सरमा ने Advantage Assam 2.0 की समीक्षा की
चोरी के मोबाइल की बरामदगी में CEIR पोर्टल का इस्तेमाल
बैठक में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने CEIR पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। बैठक में पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


